भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के पहले अयोध्या आगमन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के पहले आगमन को लेकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 12 जनवरी को प्रस्तावित इस दौरे को ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से रुदौली और मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक बैठकों का सिलसिला चल रहा है, ताकि कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावशाली बनाया जा सके।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने अपने विधानसभा क्षेत्र में तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की। डाक बंगला रुदौली, मवई स्थित बीपी मवई तथा अशरफपुर गंगरेला पेट्रोल पंप के पास हुई बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इन बैठकों में स्वागत की व्यवस्था, मंच, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान भी अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में लगातार बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में बूथ स्तर से लेकर मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को भव्य और संगठित स्वरूप देने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया गया और जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठकों में यह भी निर्णय लिया गया कि रुदौली विधानसभा को अयोध्या का “स्वागत द्वार” मानते हुए जिले की पश्चिमी सीमा से लेकर लोहिया पुल तक प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस मार्ग पर चार प्रमुख स्थानों पर विशेष स्वागत मंच और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे संगठन की शक्ति और एकजुटता का संदेश स्पष्ट रूप से सामने आए।
विधायकों ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस आयोजन को केवल औपचारिक स्वागत तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे संगठनात्मक ऊर्जा और भाजपा की जनाधार शक्ति के प्रदर्शन के अवसर के रूप में देखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ निभाए। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर उन्हें स्पष्ट दायित्व सौंप दिए गए हैं।