30% कर्मचारियों की छंटनी का विरोध, बिजली लाइन का काम प्रभावित।

बीकापुर_अयोध्या।
अयोध्या बीकापुर बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने बताया कि पिछले दो महीने से उन्हें मानदेय नहीं मिला है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग ने 30 प्रतिशत संविदा कर्मियों की छंटनी की योजना बनाई है। इसे वे अन्यायपूर्ण मान रहे हैं। इसी के विरोध में उन्होंने बुधवार से कार्य बहिष्कार शुरू किया है। इस कार्य बहिष्कार से विद्युत लाइन का काम प्रभावित हो रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी विद्युत उपखंड कार्यालय के सामने एकत्र हुए। इस दौरान संविदा लाइनमैन घनश्याम यादव, सुभाष, राम जी, सुरेंद्र मिश्रा, ओमप्रकाश, सरजू प्रसाद, बाबूलाल, हरिशंकर और दिनेश यादव समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।