सड़क हादसे में घायल युवक विशाल की मौत, परिजनों में कोहराम।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए, युवक की इलाज के दौरान मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनायतनगर थाना क्षेत्र के सहसेपुर निवासी रामगोपाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 8 जनवरी को उनका (पुत्र) विशाल गांव के ही संदीप के साथ बाइक से बीकापुर पैसे लेने गया था। दोपहर करीब 2 बजे जब वे बीकापुर–इनायतनगर मार्ग से लौट रहे थे, तभी मलेथू कनक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया और संदीप भी चोटिल हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से विशाल को तुरंत अयोध्या के दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे बलरामपुर अस्पताल भेजा गया, लेकिन निरंतर बिगड़ती स्थिति के चलते 16 जनवरी को उसने दम तोड़ दिया। विशाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
परिजनों ने बताया कि विशाल परिवार का एकमात्र सहारा था, और उसकी असमय मृत्यु ने घर की सारी जिम्मेदारियों को अधूरा छोड़ दिया है। उन्होंने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पिकअप चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं, ताकि चालक और वाहन की पहचान की जा सके।