श्रीरामनगरी पहुंचे मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा।

अयोध्या।
अयोध्या श्रीरामनगरी में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंगलवार को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे, जहां उनका आगमन पूरी तरह भक्ति और आस्था से परिपूर्ण रहा। उन्होंने सबसे पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीरामलला के दर्शन-पूजन किए। श्रद्धाभाव से की गई इस पूजा के बाद वे हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद डिप्टी सीएम सरयू तट पर आयोजित भव्य आरती में शामिल हुए। मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी के बीच आयोजित इस आरती में उन्होंने मां सरयू से देश में शांति, सौहार्द और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। सरयू तट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उनके आगमन पर उत्साह प्रकट किया और उनके साथ आरती में शामिल हुए।
मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम देवड़ा ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि और श्रीराम मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक हैं। देश में हालिया घटनाक्रमों पर बोलते हुए देवड़ा ने पश्चिम बंगाल की घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की शांति और सौहार्द को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने श्रीरामलला के चरणों में नमन कर भारत को विश्व गुरु बनने और पूरी दुनिया में शांति तथा मानवता का संदेश फैलाने की प्रार्थना की है। अयोध्या पहुंचने पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और सुरक्षा व व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण भी किया।