विरोधियों को फंसाने के लिए खुद को गोली मारी।
अयोध्या।
अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित धरमपुरवा गांव के पास शुक्रवार देर रात संदिग्ध हालात में थाना कैंट के हिस्ट्रीशीटर लक्ष्मण निषाद को गोली के छर्रे लगे। उनको दर्शननगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उन्होंने दो लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि उसने खुद ही गोली मारी थी।
पुलिस के अनुसार लक्ष्मण निषाद अयोध्या जिले के बीकापुर थाना क्षेत्र में अपनी ससुराल पिपरी चौराहा के पास रहता है, उसने शनिवार सुबह पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह शुक्रवार रात 10 बजे के आसपास अपने साथी के साथ घर लौट रहा था। धरमपुरवा के पास रिश्ते में चाचा- भतीजा संतोष सोनकर व कोमल सोनकर निवासी धर्मकांटा थाना रामजन्मभूमि ने उन पर तमंचे से फायर कर दिया। उसे हाथ और पांव में छर्रे लगे हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू की। अयोध्या पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पता चला कि लक्ष्मण ने अपने विरोधियों को फंसाने के लिए यह साजिश रची। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने केस बंद कर कर लक्ष्मण पर कार्रवाई करने की तैयारी है।
अयोध्या कोतवाल मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि लक्ष्मण का आपराधिक इतिहास भी है, वह थाना कैंट का हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी है।