लोन के नाम पर 58,722 रुपए हड़पे।

बीकापुर_अयोध्या।
अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। बनकट निवासी विपुल कुमार से लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने करीब 58,722 रुपये की धोखाधड़ी की।
पीड़ित विपुल कुमार ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से एक मैसेज मिला था। इसमें 5 लाख रुपये का आकर्षक किस्त पर लोन देने का लालच दिया गया था। मैसेज में आए लिंक को खोलने पर बात करने के लिए क्लिक करने को कहा गया। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने विपुल से लोन लेने की इच्छा पूछी। सहमति जताने पर, आरोपी ने फाइल चार्ज के नाम पर 2,725 रुपये भेजने को कहा।
विपुल कुमार ने बताया कि उन्होंने अलग-अलग शुल्कों के नाम पर कई बार में कुल 58,722 रुपये भेज दिए। इसके बावजूद, आरोपी और अधिक पैसों की मांग कर रहे थे। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। ठगी का पता चलने पर विपुल ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित युवक ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीकापुर कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़कर पीड़ित का पैसा वापस दिलाने का प्रयास करने की बात कही है।