रौनाही क्षेत्र में विवाहिता से प्रताड़ना का आरोप।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के सत्ती चौरा चौकी अंतर्गत सहजौरा गांव से एक विवाहिता द्वारा ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि उसके पति ने उसे और उसकी पांच वर्षीय बेटी को घर से निकाल दिया और बाद में दूसरी शादी भी कर ली। इस शिकायत पर बुधवार को पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रामकुमारी ने आरोप लगाया है कि उसके पति रंजीत (पुत्र) राजकरन द्वारा लगातार दहेज को लेकर प्रताड़ित किया गया और उसके साथ मारपीट की गई। रामकुमारी का कहना है कि लंबे समय तक वह न्याय की तलाश में भटकती रही और इसी दौरान उसे यह जानकारी मिली कि उसके पति ने किसी अन्य महिला से दूसरी शादी कर ली है, जिससे उसे गहरा मानसिक आघात पहुंचा।
रामकुमारी वर्तमान में अपने मायके में रह रही है, जो अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में स्थित है। उसने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा है कि उसे ससुराल में रहने नहीं दिया गया और उसकी छोटी बच्ची के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। पीड़िता के अनुसार, जब उसे स्थायी रूप से घर से निकालने में सफलता नहीं मिली तो 11 जनवरी को उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और जबरन मायके छोड़ दिया गया। पीड़िता ने इस पूरे प्रकरण को लेकर रौनाही थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी लाल चंद सरोज ने बताया कि उन्हें पीड़िता की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।