रुदौली–अमानीगंज मार्ग पर मिले अज्ञात अधेड़ की हुई शिनाख्त।

अयोध्या श।
अयोध्या जिले के रुदौली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब रुदौली–अमानीगंज मार्ग पर मीरापुर तिराहे के पास एक अज्ञात अधेड़ का शव बरामद हुआ। असगर अली मिल के समीप नाली में शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
सूचना पर बीकापुर कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर शत्रुघन यादव घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते उसे मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया। पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से शव की तस्वीर भी प्रसारित की। काफी प्रयासों के बाद मृतक की पहचान 50 वर्षीय जनक जोशी पुत्र श्री राम जोशी के रूप में हुई। वह नेपाल के अच्छामा जिले के कमला बाजार थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक के भतीजे कई वर्षों से रुदौली कोतवाली क्षेत्र की पुरानी कोठी इलाके में निवास कर रहे हैं।
इंस्पेक्टर क्राइम शत्रुघन यादव के अनुसार, परिजनों ने बताया कि जनक जोशी लगभग एक माह पहले अयोध्या धाम के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद वह यहीं रुक गए थे और घर लौटने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद वे कैसे मीरापुर तिराहे तक पहुंचे और उनके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष निगम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों ने यह भी बताया है कि मृतक को लंबे समय से कुछ मानसिक समस्याएं थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।