राजा मान सिंह की 14 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में गिरोहबन्दी से जुड़े एक प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सपा नेता मान सिंह उर्फ राजा मानसिंह की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क की है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त राजा मानसिंह (पुत्र) हनुमंत सिंह निवासी ग्राम सरियावाँ थाना पूराकलन्दर तथा उनकी (पत्नी) नीतू सिंह द्वारा आपराधिक गतिविधियों से अर्जित की गई संपत्ति को धारा 14(1) के अंतर्गत जब्त किया गया है। कुर्क की गई संपत्ति ग्राम अमौना, थाना पूराकलन्दर में स्थित निर्माणाधीन भवन/होटल है, जिसका क्षेत्रफल लगभग 16 हजार वर्गफीट बताया गया है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 से 14 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मान सिंह के विरुद्ध वर्ष 2017 से लेकर 2025 तक धोखाधड़ी, रंगदारी, डकैती, मारपीट, धमकी, चुनाव आचार संहिता उल्लंघन, महामारी अधिनियम, एससी-एसटी एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में कुल 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उनकी पत्नी नीतू सिंह के खिलाफ भी वर्ष 2025 में दर्ज 9 मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है, जिनमें रंगदारी, लूट, धोखाधड़ी और संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मान सिंह एक संगठित गिरोह का सरगना है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। गिरोह पर जमीन बेचने के नाम पर डकैती, उगाही और धोखाधड़ी जैसे आरोप हैं। इस गिरोह में अयोध्या, सुल्तानपुर, बाराबंकी, कानपुर और बस्ती जनपदों के कई सदस्य शामिल बताए गए हैं।
न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट अयोध्या के आदेश पर एसडीएम सोहावल की उपस्थिति में थाना रामजन्मभूमि पुलिस द्वारा कुर्की की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर आवश्यक पुलिस बल की मौजूदगी रही।