यूरिया की किल्लत पर किसानों में आक्रोश, लगी लंबी-लंबी लाइनें।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में धान की फसल चरम पर होने के बावजूद यूरिया खाद की किल्लत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। साधन सहकारी समितियों पर लंबी-लंबी लाइनें, कालाबाजारी और अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए किसान संगठनों ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
जिले की 93 सहकारी समितियों पर इस बार पुरुषों से ज्यादा महिला कृषक पहुंच रही हैं। प्रशासन पर्याप्ता खाद होने का दावा जरूर कर रहा है। लेकिन समितियों पर लगी लंबी कतारें इसके विपरीत स्थिति बता रही हैं। खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस बल तैनात किए जा रहे है। 800 निजी दुकानों से यूरिया गायब है।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में भी यूरिया की किल्लत सबसे बड़ा मुद्दा रही। किसानों का कहना है कि समय से खाद न मिलने पर उनकी फसलें बर्बाद हो सकती हैं।
बुधवार को संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने नगर मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसान नेताओं ने खण्डासा में पुलिस द्वारा किसानों पर लाठीचार्ज और कई स्थानों पर मारपीट की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं करा पा रही है और तीन दिन में सुधार न होने पर आंदोलन की बात कही। किसान दिवस में शिकायत की गई कि समितियों पर खाद की जगह ‘लघड़’ दिया जा रहा है।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि आज से सभी साधन सहकारी समितियों पर यूरिया उपलब्ध करा दी गई है और कुछ जगह वितरण भी शुरू हो गया है। किसानों को उनकी खतौनी के अनुसार खाद दी जाएगी।