ननिहाल में रह रही युवती से छेड़छाड़, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने का आरोप।

अम्बेडकरनगर-उत्तर प्रदेश।
अम्बेडकरनगर जिले के कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि वह मूल रूप से पड़ोसी जनपद की रहने वाली है और फिलहाल अपने ननिहाल में रह रही है। इसी गांव में आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र निवासी युवक अरविंद का भी ननिहाल है, जिसके चलते वह युवती के संपर्क में आया और शादी का प्रस्ताव रखा। युवती के इनकार करने पर आरोपी ने नाराज होकर बीते 30 जून की रात जब वह सो रही थी, तब घर में घुसकर उसका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। किसी तरह खुद को बचाकर भागी युवती ने आगे आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ मारपीट की और उसका अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी अरविंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।