महिला से छेड़छाड़ का मामला,विरोध पर धमकी देकर भागा।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार सुबह 6 बजे की है। पीड़िता पूजा के लिए दुकान से अगरबत्ती लेने जा रही थी। वनकटवां रजपलिया गांव निवासी घनश्याम निषाद का बेटा सुनील निषाद आरोपी है। उसने महिला को अपने घर के दरवाजे के सामने रोक लिया। आरोपी ने महिला को पकड़कर छेड़छाड़ की। पीड़िता के विरोध करने पर उसने मारपीट की और गालियां दीं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को देखकर सुनील जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता ने गोसाईगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष शारदेन्दु दूबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।