महिला सिपाही से दुष्कर्म का आरोपी दोषी करार।
अयोध्या।
अयोध्या पुलिस लाइन में रह रही महिला सिपाही से दुष्कर्म करके गर्भपात कराने के आरोपी को न्यायाधीश ने दोषी सिद्ध करते हुए जेल भेज दिया है। सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए शुक्रवार की तिथि नियत की गई है।
अभियोजन पक्ष से एडीजीसी सतीश चंद्र देवरस व ज्ञानेश चंद्र पांडेय के मुताबिक घटना थाना कोतवाली नगर क्षेत्र की वर्ष 2022 की है। रिजर्व पुलिस लाइन अयोध्या में नियुक्त महिला सिपाही के साथ फाइनेंसर का काम करने वाले मनोज शुक्ल ने संपर्क बनाया। शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया। व्यवसाय करने के बहाने उससे 7.90 लाख रुपये ऐंठ लिया। दो माह का गर्भ ठहरने पर बिना मर्जी के धोखे से दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।
पीड़िता की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में 23 मार्च, 2022 को दुष्कर्म सहित कई गंभीर धाराओं में मनोज शुक्ल, उसकी पत्नी व भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में मनोज शुक्ल के खिलाफ पेश किया गया।