45E13A0A 699A 470F AB83 E6C12F7A9727 1768352141031 - मकर संक्रांति पर अयोध्या में चाइनीज मांझे पर पुलिस का कड़ा प्रहार।

मकर संक्रांति पर अयोध्या में चाइनीज मांझे पर पुलिस का कड़ा प्रहार।

अयोध्या उत्तर प्रदेश

मकर संक्रांति पर अयोध्या में चाइनीज मांझे पर पुलिस का कड़ा प्रहार।

45E13A0A 699A 470F AB83 E6C12F7A9727 1768352141031 - मकर संक्रांति पर अयोध्या में चाइनीज मांझे पर पुलिस का कड़ा प्रहार।

अयोध्या।

अयोध्या जिले में मकर संक्रांति पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अयोध्या कोतवाली पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। सीओ सिटी श्री यश और कोतवाली प्रभारी अश्वनी पांडेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर दुकानदारों को स्पष्ट संदेश दिया कि प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभियान के दौरान चौक, रिकाबगंज, फतेहगंज और सिविल लाइन समेत कई इलाकों में पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर पहुंचकर स्टॉक की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि चाइनीज मांझा बेचना या खरीदना दोनों ही कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसा पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीओ सिटी श्री यश ने बताया कि चाइनीज मांझे के कारण आए दिन गंभीर हादसे सामने आ रहे हैं। यह मांझा बेहद धारदार और खतरनाक होता है, जिससे राह चलते लोगों, दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों तक को गंभीर चोटें लग सकती हैं। मकर संक्रांति के अवसर पर पतंगबाजी की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है।

कोतवाली प्रभारी अश्वनी पांडेय ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि कोई दुकानदार प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से केवल वैध और सुरक्षित मांझे की ही बिक्री करने की अपील की, ताकि पर्व के दौरान किसी की जान-माल को नुकसान न पहुंचे।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की मांग की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री या उपयोग की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हादसों को रोका जा सके और मकर संक्रांति का पर्व सुरक्षित माहौल में मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *