भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम — विधायक अभय सिंह दंपति पंचकोसी परिक्रमा में भाव-विभोर।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के विधानसभा क्षेत्र गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह अपनी धर्मपत्नी डॉ. सरिता सिंह के साथ इस समय पवित्र पंचकोसी परिक्रमा में पैदल शामिल हैं। दोनों भगवान श्रीराम की नगरी में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत होकर यात्रा कर रहे हैं।
सुबह से ही विधायक अभय सिंह ने परिक्रमा की शुरुआत “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ की। उनके साथ स्थानीय श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ चल रही है, जो “जय सियाराम” के नारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रही है। परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह भक्तों ने विधायक अभय सिंह और डॉ. सरिता सिंह का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। हर कदम पर धार्मिक उल्लास और भक्ति का सागर उमड़ रहा है। अयोध्या की गलियों और परिक्रमा पथ पर जनसैलाब में रामभक्ति का अद्भुत रंग देखने को मिल रहा है।
विधायक अभय सिंह ने कहा कि अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि यह हमारी आस्था, आत्मसंयम और लोककल्याण की प्रेरणा है। भगवान श्रीराम की पावन भूमि पर यह यात्रा जीवन को धर्म, सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने की सीख देती है।”
डॉ. सरिता सिंह ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव अत्यंत दिव्य और शांति देने वाला है। अयोध्या की परिक्रमा आत्मा को निर्मल करती है और जीवन में नई ऊर्जा का संचार करती है।”
परिक्रमा के दौरान विधायक अभय सिंह लगातार श्रद्धालुओं का अभिवादन कर रहे हैं और सभी को भक्ति, सद्भाव और सेवा की भावना से जुड़ने का संदेश दे रहे हैं। अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा में विधायक अभय सिंह का यह आस्था भरा संकल्प आज श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है।