बीकापुर में ट्रक–स्कूली बस की जोरदार टक्कर, चालक गंभीर घायल, आधा दर्जन बच्चे चोटिल।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कूली बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार करीब आधा दर्जन बच्चे भी चोटिल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह दुर्घटना चौरे बाजार–कनावा मार्ग पर निधियावा बाजार के पास दूबेपुर गांव के समीप हुई। सुल्तानपुर जनपद के जमोली खुर्द कूरेभार क्षेत्र में संचालित स्पेक्ट्रम हाई एकेडमी के प्रबंधक आनंद सावरण की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, 16 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल बस बच्चों को लेकर अपने तय रूट पर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने तेज गति और लापरवाही से बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक ओम प्रकाश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में बैठे लगभग छह बच्चे भी हादसे में चोटिल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चालक और एक बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए, उन्हें सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया।
बीकापुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कूली बस दोनों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जाएगी, ताकि जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।