बिजली चेकिंग के दौरान मारपीट, लाइनमैन की तहरीर पर पांच पर केस दर्ज।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के ग्राम तहसीन पुर में बिजली चेकिंग के दौरान लाइनमैन से अभद्रता और मारपीट के आरोप में एक ही परिवार से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह मामला तब सामने आया जब विद्युत उपकेंद्र सोहावल के लाइनमैन राजकुमार ने आरोप लगाया कि तहसीन पुर गांव में बिजली कनेक्शन चेकिंग के दौरान मदन पाण्डेय के घर पर कटिया लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी।
जब जेई रजनीश वर्मा ने वीडियो बनाने की कोशिश की, तो मदन पाण्डेय के घर के लोगों ने विरोध किया और गाली गलौज करने लगे। इसके बाद, लाइनमैन राजकुमार का कहना है कि उसने बीच बचाव किया, लेकिन मदन पाण्डेय सहित घर के लोगों ने मिलकर लाइनमैन राज कुमार को गाली देने के साथ पिटाई कर दी। जेई रजनीश वर्मा से भी कहासुनी और धक्का मुक्की की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक रौनाही पंकज सिंह ने बताया कि लाइनमैन राज कुमार की तहरीर पर दो सगे भाई मदन पांडेय, जनार्दन पांडेय व नंदन, मोनू, अतुल सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।