फोरलेन पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के अयोध्या-रायबरेली फोरलेन पर मंगलवार देर शाम एक गंभीर सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। इस हादसे में बाइक सवार राज पुत्र संजय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। यह दुर्घटना इनायत नगर थाना क्षेत्र के खिहारन गांव के पास शाम लगभग 6:40 बजे हुई।
मिली प्राप्त जानकारी के अनुसार देवराकोट निवासी राज अपनी नानी के घर खिहारन में रह रहा था। वह बाजार के लिए निकला ही था कि अचानक एक अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राज सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए उसे निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। वहीं दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी लोगों ने बताया कि दुर्घटना के समय फोरलेन पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद थीं, जिसके कारण वाहन की पहचान नहीं हो सकी और वह आसानी से भाग निकला। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रात में स्ट्रीट लाइटें चालू रखी जाएं, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।