फायरिंग की वारदात का खुलासा, पिस्टल और कार के साथ आरोपी गिरफ्तार।
बीकापुर_अयोध्या।
अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के बिलारी मोड़ पर हुई फायरिंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बिलारी निवासी मुकेश विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने जान से मारने की कोशिश समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के दौरान फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान अनिरुद्ध वर्मा के रूप में हुई, जो पड़ोसी जिले सुल्तानपुर के मोतिगरपुर का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी की लाइसेंसी पिस्टल और कार भी कब्जे में ले ली है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी बलवंत चौधरी ने बताया कि सोमवार शाम बीकापुर क्षेत्र में एक युवक ने फायरिंग करते हुए दहशत फैला दी थी, जिसके बाद सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने वारदात का खुलासा किया।