फांसी के फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव।

अम्बेडकर नगर।
अम्बेडकर नगर जिले के कटका थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बेटी को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। बलईपुर गांव निवासी विजय लक्ष्मी 26 वर्ष (पत्नी) विकास पांडेय का शव शनिवार सुबह उनके घर के कमरे में लटकता मिला। बताया गया कि विजय लक्ष्मी रोज की तरह शुक्रवार रात अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन सुबह जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आई तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा, जहां उसका शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
उधर बेटी की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से स्तब्ध मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष का कहना है कि विजय लक्ष्मी को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था और उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कटका राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।