पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, दर्दनाक मौत।

अंबेडकर नगर।
अम्बेडकर नगर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे रविवार की सुबह चीख-पुकार और मातम का गवाह बना, जब दिल्ली से घर लौट रहा एक खुशहाल परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 161 पर अज्ञात ट्रक ने पीछे से ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार पिता, मासूम बेटे और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में विजय कुमार यादव 50 वर्ष (पुत्र) स्व. भगवान दास, उनके 6 वर्ष (पुत्र) वीर और (पत्नी) लक्ष्मी 45 वर्ष की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। वहीं विनय कुमार यादव (पुत्र) स्व. भगवान दास, उनका 13 वर्ष (पुत्र) अंश तथा विजय कुमार की 55 वर्षीय सास, बेटियां गुनगुन 14 वर्ष और कनिष्का 5 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अकबरपुर व बेवाना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब तक सभी को बाहर निकाला गया, तब तक पिता-पुत्र और पत्नी की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मृतक का घर गांव रामपुर गोसाई, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर बताया गया।
पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।