पटरंगा से लापता नवविवाहिता तीसरे दिन बरामद।

अयोध्या।
अयोध्या जिले के पटरंगा थाना क्षेत्र से लापता हुई 21 वर्षीय नवविवाहिता को पुलिस ने घटना के तीसरे दिन सकुशल बरामद कर लिया। जांच में स्पष्ट हुआ कि नवविवाहिता किसी दबाव में नहीं थी, बल्कि अपने प्रेमी के साथ स्वेच्छा से घर छोड़कर गई थी।
घटना बीते 30 जनवरी 2026 की शाम लगभग 4:30 बजे के आसपास की है, जब नवविवाहिता अचानक अपने ससुराल से गायब हो गई। इसकी सूचना महिला के ससुर ने पटरंगा थाने में देकर शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि रंजीत कुमार नामक युवक बहू को जबरन भगा ले गया और वह अपने साथ जेवरात व कपड़े भी ले गई है।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा पंजीकृत कर एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और संभावित स्थानों पर लगातार दबिश देकर तीसरे दिन महिला को बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि नवविवाहिता मवई थाना क्षेत्र के भैसौली गांव निवासी अपने प्रेमी के साथ गई थी।
प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव के अनुसार, बरामद महिला को नियम के अनुसार मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और महिला द्वारा न्यायालय में दर्ज कराए जाने वाले बयान के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी।