नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान शुरू, 68 वाहन चालकों का चालान।

अयोध्या
अयोध्या श्रीरामनगरी में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सोमवार को जिले में “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह अभियान पूरे उत्तर प्रदेश में चलाया जा रहा है।
अयोध्या में एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. आर.पी. सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे 68 चालकों का चालान किया गया। साथ ही बाइक सवारों को तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने की कड़ी हिदायत दी गई।
एआरटीओ ने बताया कि सड़क हादसों पर रोक लगाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना न सिर्फ नियम का पालन है, बल्कि यह व्यक्ति की जान बचाने का सबसे कारगर उपाय है।
डॉ. सिंह ने कहा कि अभियान 1 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार चलेगा और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि पेट्रोल पंपों पर भी बिना हेलमेट के दोपहिया चालकों को पेट्रोल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
इस मौके पर यात्री कर अधिकारी राजेश कुमार सहित विभागीय स्टाफ की पूरी टीम मौजूद रही। परिवहन विभाग का मानना है कि इस अभियान से आमजन में जागरूकता बढ़ेगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।