दीपोत्सव स्थल का कुलपति ने किया निरीक्षण।

अयोध्या।
अयोध्या डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने सोमवार को दीपोत्सव आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने राम की पैड़ी, विस्तारित राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट, भजन संध्या स्थल और लक्ष्मण किला घाट का जायजा लेते हुए साफ-सफाई और अधूरे कार्यों को तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए।
कुलपति ने दीपोत्सव नोडल अधिकारी को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से घाटों की मार्किंग शुरू कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव को दिव्य और भव्य बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
अवध विश्वविद्यालय में दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण का कार्य लगातार चल रहा है और अब तक 25 हजार से अधिक स्वयंसेवकों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जा चुका है। आयोजन समितियों को सक्रिय कर दिया गया है, जिससे इस बार का दीपोत्सव ऐतिहासिक बनने की उम्मीद है।
अयोध्या की श्रीरामनगरी में जगमगाने वाला दीपोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का पर्व होगा बल्कि विश्व पटल पर भारतीय संस्कृति और परंपरा की भव्य प्रस्तुति भी बनेगा।