दिनदहाड़े युवक को गोली मारने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार, हथियार बरामद।
सुल्तानपुर।
सुल्तानपुर जिले जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरी बाजार में सामान लेने गए युवक पर चार दिन पहले फायरिंग के आरोपी सगे भाईयों समेत चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अदालत के जरिए जेल भेज दिया है।
गुरुवार की रात जयसिंहपुर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक अवीनाश चन्द्र व धर्मेन्द्र कुमार मिश्रा हमराही सिपाहियों के साथ क्षेत्र में थे। तभी मुखबिर की सूचना पर सेमरी के अनमोल ढाबा से रात्रि करीब 10 बजे के आसपास दिनदहाड़े गोली चलाने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की शिनाख्त आदित्य सिंह व आदर्श सिंह निवासी कारेबन (सगे भाई), रवि यादव, निवासी कारेबन (मुरार का पुरवा), पुष्पेन्द्र दुबे निवासी चांदपुर थाना जयसिंहपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल देशी 32 बोर व एक जिन्दा कारतूस 32 बोर बरामद हुआ। पकड़े गए आदर्श सिंह व उसके भाई आदित्य पर जयसिंहपुर कोतवाली में पहले से आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं पुष्पेन्द्र दूबे पर भी गम्भीर धाराओं में केस दर्ज होने के साथ उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम की भी कार्रवाई की गई थी।
जयसिंहपुर कोतवाल अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते उक्त लोगों ने युवक को गोली मारी थी। न्यायालय भेजा गया था, जहां से उन्हें जेल भेजने की कार्यवाही हुई है।