मकान की छत गिरी, एक की मौत, दो गंभीर।

बीकापुर_अयोध्या।
अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक पुराने मकान की छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कस्बा निवासी विवेकानंद पांडेय के जर्जर मकान में नगर पंचायत के ऑपरेटर विजय यादव और सरवन बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत ढह गई और चारों तरफ धूल और मलबे का गुबार छा गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना पाकर बीकापुर कोतवाली पुलिस, फायर सर्विस की टीम और सीओ बीकापुर पीयूष तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया, जहां सरवन (28) को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि विवेकानंद पांडेय और विजय यादव को गंभीर हालत में सीएचसी बीकापुर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ बीकापुर पीयूष ने बताया कि मकान काफी जर्जर अवस्था में था, जिसके कारण लिंटर गिर गया। शाम तक पुलिस और अग्निशमन की टीम मलबा हटाने के कार्य में लगी रही।