जेवर साफ करने के नाम पर ढाई लाख की टप्पेबाजी।

सुल्तानपुर।
सुल्तानपुर पुलिस अधीक्षक आवास से 200 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े लगभग ढाई लाख की टप्पेबाजी हो गई। गहना धुलने-चमकाने के नाम पर उचक्कों ने महिलाओं के जेवर उड़ा दिए। एएसपी विपुल श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है, लेकिन उचक्कों का पता नहीं लग सका।
कोतवाली नगर के बढ़ैयावीर निवासी राम बचन त्रिपाठी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि सोमवार की दोपहर वह किसी काम से शहर में निकले थे। घर पर पत्नी अमरावती तिवारी और बहू अनुराधा तिवारी घर पर थी। 1 बजे के आसपास दो व्यक्ति बाइक से आये और चांदी व सोने की सफाई करने वाला बताते हुए एक चांदी की पायल साफ किया। विश्वास में आकर एक सोने की चेन वजन लगभग 23 ग्राम और लाकेट 15 ग्राम का सफाई के लिए दे दिया। मौका पाते ही झांसा देकर वे सोने की चेन व लाकेट लेकर फरार हो गये।
घटना के तुरंत बाद 112 डायल को सूचित कर घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सक्रिय हुई और जांच पड़ताल में जुटी है। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।