छात्राओं ने पुलिस थाने की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन।

अयोध्या।
अयोध्या जिले में मिशन शक्ति के पांचवें चरण के अंतर्गत शिक्षा क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने शनिवार को खंडासा थाना पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को थाने की कार्य प्रणाली को बारीकी से समझाया। भ्रमण के दौरान छात्राएं काफी उत्साहित दिखीं।
प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने विद्यालय की छात्राओं को थाने के विभिन्न पटलों पर ले जाकर उन्हें पुलिस के दैनिक कार्यों, अपराधों के रजिस्ट्रेशन और जांच प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।
छात्राओं ने प्रभारी निरीक्षक कक्ष,कंप्यूटर कक्ष,कार्यालय,बंदी गृह,महिला हेल्प डेस्क का भ्रमण किया। महिला उपनिरीक्षक निधि सिंह, कांस्टेबल रीना यादव, आकांक्षा द्विवेदी, दिव्यांशी ने महिला सुरक्षा, आपातकालीन स्थिति में पुलिस की भूमिका और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में बताया।
शिक्षिका दीपमाला शुक्ला ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को पुलिस प्रशासन के कार्यों,सुरक्षा उपायों और कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी प्रदान करना था।