कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला युवती का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप।

अंबेडकर नगर।
अंबेडकर नगर जिले के कोतवाली क्षेत्र जलालपुर अंतर्गत मित्तूपुर मार्ग स्थित लालातारा मोहल्ले में शनिवार देर रात एक 24 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान प्रिंसी सिंह पुत्री अजय सिंह (24 वर्ष) निवासी लालातारा के रूप में हुई है। वह नोएडा में रहकर प्राइवेट नौकरी करती थी और 24 जुलाई को ही घर लौटी थी। शनिवार को उसकी मां, बहन और जीजा दवा लेने आजमगढ़ गए हुए थे। घर पर वह अपने पिता अजय सिंह के साथ ही थी। देर रात उसके पिता बाजार चले गए, तभी बाकी परिजन घर लौटे और कमरे में प्रिंसी का शव पंखे से लटका देख दंग रह गए। परिवारजनों ने तत्काल शव को नीचे उतार कर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची जलालपुर कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार मूल रूप से अरई का रहने वाला है और कई वर्षों से जलालपुर में निवास कर रहा है। मृतका की मां सरोज सिंह आशा बहू के पद पर कार्यरत हैं, जबकि बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, युवती की मौत को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है, जबकि पुलिस आत्महत्या और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।