आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक।

अयोध्या।
अयोध्या जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित एवं नई शिकायतों की विभागवार समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान ही प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान की गई कार्यवाही का स्पष्ट, तथ्यात्मक और विस्तृत विवरण आईजीआरएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को पूरी जानकारी मिल सके।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण करते समय मौके पर जाकर मुआयना अवश्य किया जाए और उसी के आधार पर रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए। विद्युत, स्वास्थ्य, माध्यमिक शिक्षा, श्रम विभाग, बेसिक शिक्षा, निबंधक एवं मनरेगा से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में विशेष सतर्कता और प्राथमिकता बरतने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन विभागों द्वारा समय से शिकायतों का निस्तारण नहीं किया गया है, उन्हें स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि भविष्य में देरी या लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध सिंह सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।